रांची में बड़ी साजिश नाकाम! संदिग्ध कार से मिला रिवॉल्वर और कारतूस, पुलिस ने समय रहते टाली वारदात

रांची में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए संदिग्ध कार से हथियार बरामद कर बड़ी घटना को टाल दिया, तीन आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक बड़ी घटना होने से पहले ही उसे टाल दिया। खादगढ़ा बस स्टैंड और कांटाटोली इलाके में एक संदिग्ध कार से हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान चुनवा टोली जाने वाले रास्ते के पास एक नीले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी मिली, जो काफी समय से वहीं खड़ी होने के कारण संदिग्ध लग रही थी।

तलाशी में मिला हथियार

कार लॉक थी, इसलिए पुलिस ने मैकेनिक की मदद से दरवाजा खुलवाया। तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के नीचे से स्टील का बना छह चेंबर वाला देशी रिवॉल्वर बरामद हुआ। इसके अलावा दो जिंदा कारतूस भी मिले। जांच में सामने आया कि इस कार में पहले तीन युवक सवार थे। पुलिस ने तीनों की पहचान कर ली है। बताया जा रहा है कि उनका आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बड़ी घटना की आशंका

पुलिस को शक है कि ये आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से एक संभावित घटना टल गई। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह ने किया। टीम में खादगढ़ा टीओपी और लोअर बाजार थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।