2025 में रांची पुलिस की बड़ी कामयाबी, अपराध और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई

News Update
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : साल 2025 रांची पुलिस के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। पूरे वर्ष पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाए और संगठित अपराध समेत कई गंभीर मामलों में बड़ी सफलता हासिल की। इस दौरान कुल 399 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि पुलिस अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले साल में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा।

अलग-अलग अपराधों में हुई गिरफ्तारी

पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, संगठित अपराध से जुड़े 44 अपराधियों को पकड़ा गया। हथियारों के अवैध कारोबार और बरामदगी के मामलों में 86 लोगों की गिरफ्तारी हुई। वाहन चोरी के मामलों में 158 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि छिनतई (स्नैचिंग) के 29 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा चोरी के 82 मामलों में भी पुलिस ने अभियुक्तों को पकड़ा। इन कार्रवाइयों से शहर में अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण देखा गया।

नशे के खिलाफ अभियान, 14.84 करोड़ की ड्रग्स जब्त

साल 2025 में रांची पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ भी बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान 156 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। ये तस्कर ब्राउन शुगर, गांजा, अफीम, डोडा, प्रतिबंधित सिरप और कैप्सूल के अवैध कारोबार में शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से कुल 14.84 करोड़ रुपये मूल्य का नशीला पदार्थ बरामद किया, जो एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।

अफीम की खेती पर सख्त कार्रवाई

नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अफीम की अवैध खेती पर भी बड़ी चोट की। वर्ष 2025 में 2582 एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया गया। इस मामले में 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जो इस गैरकानूनी काम में शामिल थे।

नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता

रांची पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियानों में भी उल्लेखनीय काम किया। साल भर में नक्सल मामलों से जुड़े 43 केसों का निष्पादन किया गया। इस दौरान 17 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 117 हथियार, 400 से अधिक जिंदा गोलियां और अन्य सामान बरामद किया गया।

अवैध खनन पर भी कसा शिकंजा

अवैध खनन के खिलाफ भी रांची पुलिस ने सख्त कदम उठाए। साल 2025 में अवैध बालू तस्करी में लगे 72 वाहनों को जब्त किया गया। वहीं कोयला और पत्थर के अवैध कारोबार से जुड़े 9 वाहनों को भी पुलिस ने पकड़ा। इन कार्रवाइयों से अवैध धंधों पर रोक लगाने में मदद मिली है।

Share This Article