प्रिंस खान ने जमीन कारोबारी से मांगी 1 करोड़ की रंगदारी! बरियातू थाना प्रभारी के सामने फोन कर बोला एक सप्ताह के भीतर पैसे दो वर्ना…

रांची में जमीन कारोबारी विजेंद्र सिंह से प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। व्हाट्सऐप पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के नाम पर एक बार फिर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बरियातू थाना क्षेत्र के रानी बगान निवासी और जमीन कारोबारी विजेंद्र सिंह से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर बरियातू थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित विजेंद्र सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि मंगलवार, 7 जुलाई को उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए एक संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि तय समय के भीतर रकम नहीं देने पर उनकी हत्या कर दी जाएगी।

विजेंद्र सिंह के अनुसार, धमकी मिलने के बाद वह तुरंत बरियातू थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को पूरे मामले की जानकारी दी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर दोबारा व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर रंगदारी की रकम पहुंच जानी चाहिए  नहीं तो गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। कारोबारी ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि धमकी मिलने के बाद उनका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस को बताया कि कॉल करने वाले ने दावा किया कि उनकी रेकी कराई जा चुकी है। इतना ही नहीं, उसने परिवार के सदस्यों और उनकी गाड़ी से जुड़ी जानकारी भी साझा की, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

इन कारोबारियों से भी मांगी जा चुकी है रंगदारी

5 जून को कारोबारी उदय शंकर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। 4 जून को सर्राफा कारोबारी सुमन पाल से 5 करोड़ रुपये की मांग की गई। 24 जून को कॉस्मेटिक कारोबारी उमाशंकर सिंह से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। जून महीने में जलजोगा रेस्टोरेंट के संचालक से 50 लाख रुपये की मांग की गई। जून में ही जय हिंद फार्मा के संचालक से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।

टीटोस बार हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आया था नाम

एयरपोर्ट रोड स्थित टीटोस बार में एक कर्मचारी की हत्या के बाद प्रिंस खान का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आया था। बताया गया था कि रेस्टोरेंट संचालक से रंगदारी मांगी गई थी। जब रकम नहीं मिली तो कथित तौर पर प्रिंस खान ने शूटर भेजकर वारदात को अंजाम दिलाया था।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।