
Mobile Theft Gang : रांची रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में कुल 8 आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं।
मामला 5 मई 2026 का है, जब मोबाइल चोरी की शिकायत जीआरपी रांची में दर्ज की गई। शिकायत मिलते ही RPF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 3 से एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर स्टेशन परिसर और ट्रेनों में कई मोबाइल चोरी करने की बात कबूल की।
इसके बाद उपनिरीक्षक सूरज पांडे के नेतृत्व में टीम ने न्यू पुंडाग और काठल मोड़ इलाकों में छापेमारी कर सभी 8 आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹3.40 लाख बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी किए गए मोबाइल को ऊंचे दामों पर बेचने की बात भी स्वीकार की है। सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है।

