
कोडरमा: नई दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन के मानपुर कोडरमा सेक्शन स्थित बसकटवा एवं नाथगंज हॉल्ट के बीच शनिवार की सुबह भूस्खलन एवं पत्थर गिरने से डाउन रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया है।
इस घटना में 02242 नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस के का इंजन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद 02314 नई दिल्ली सियालदह राजधानी एक्सप्रेस, 03126 गाजीपुर सिटी कोलकाता एक्सप्रेस गया के समीप रुकी हुई है।
पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद डिविजन में मानपुर-कोडरमा रेलखंड पर घाट सेक्शन नाथगंज-बसकटवा के बीच सुबह के समय करीब 5:15 बजे हादसा हुआ।
चट्टान का बड़ा टुकड़ा गिर पड़ा
घाट सेक्शन से गुजरने के दौरान पोल संख्या 415 के पास रांची राजधानी एक्सप्रेस के इंजन पर लैंडस्लाइड के कारण चट्टान का बड़ा टुकड़ा गिर पड़ा।
ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण इंजन चट्टान से टकराते हुए आगे निकल गई।
हालांकि आगे बढ़ने के साथ ही चालक ने ट्रेन को सेकंड टनल के पास रोक दिया। हादसे की खबर मिलते ही आनन-फानन में उस ट्रैक पर पीछे से आ रही ट्रेनों को रोकना पड़ा।
इस दौरान 02314 नई दिल्ली-सियालदह राजधानी स्पेशल, 03126 गाजीपुर-कोलकाता एक्सप्रेस स्पेशल समेत गया आसनसोल सवारी गाड़ी का परिचालन प्रभावित रहा।
घटना में ट्रेन बेपटरी नहीं हुई
हालांकि ट्रेन में सवार सभी यात्री सकुशल हैं। इस दौरान करीब चार घंटे तक इस ट्रैक पर ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।
घटना के बाद चार घंटे तक नई दिल्ली रांची राजधानी एक्सप्रेस भी घटनास्थल पर ही रुकी हुई थी।
हाजीपुर जोन के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि घटना में ट्रेन बेपटरी नहीं हुई है एवं किसी भी यात्री को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
ट्रक से पत्थर हटाने और परिचालन को चालू रखने के लिए युद्ध स्तर पर काम शुरू किया गया है।
ज्ञात हो कि कोडरमा व मानपुर के बीच घाट सेक्शन में अक्सर पहाड़ी से पत्थर खिसकने और रेल पटरी पर गिरने की घटना होती रहती है।
बारिश के समय में इस तरह की घटना काफी बढ़ जाती है।
खबर मिलने तक ट्रैक से पत्थर को हटाने का काम जारी था।


