रांचीवासियों को बड़ी राहत! रातू रोड से एचईसी गेट तक चमकेगी सड़क, ₹4.73 करोड़ की योजना को मिली मंजूरी

रांची के रातू रोड जंक्शन से एचईसी गेट तक 7.80 किमी सड़क के नवीकरण को मंजूरी मिली। जानिए कब पूरा होगा काम और लोगों को क्या मिलेगा फायदा।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में रातू रोड जंक्शन (न्यू मार्केट) से एचईसी गेट तक सफर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से खराब पड़ी इस महत्वपूर्ण सड़क की अब सूरत बदलने वाली है। झारखंड सरकार ने सड़क के सतह नवीकरण (री-सर्फेसिंग) के लिए ₹4 करोड़ 73 लाख 37 हजार 100 की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। करीब 7.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क का नए सिरे से नवीकरण किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग के अनुसार, सड़क कई जगहों पर काफी जर्जर हो चुकी है। कई हिस्सों में सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है, जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए सड़क के नवीकरण का फैसला लिया गया है।

यह मार्ग रातू रोड जंक्शन (न्यू मार्केट) से शुरू होकर बिरसा राजपथ होते हुए एचईसी गेट तक जाता है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क से हर दिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग भी इसी रास्ते से अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की मरम्मत और नई सतह बनने से यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

सरकार ने इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता करेंगे। वहीं, रांची पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को परियोजना की राशि की निकासी और खर्च से जुड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। सड़क का नवीकरण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।