झारखंड कैबिनेट की बैठक में 21 प्रस्तावों को मिली मंजूरी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: मंत्रिपरिषद की बैठक (CABINET MEETING) मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई।

मंत्रिपरिषद की बैठक में कुल 21 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। पंचायत चुनाव के कारण लगी आचार संहिता के चलते पूरी जानकारी आधिकारिक रूप से नहीं दी गयी।

जानकारी के अनुसार कैबिनेट ने DVC, NTPC को 1690 करोड़ की टैरिफ सब्सिडी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस राशि से बकाया भुगतान किया जायेगा।

कैबिनेट में होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी के प्रस्ताव की स्वीकृति दी गयी। इसके साथ ही नगरपालिका संशोधन विधेयक 2021 की स्वीकृति दी गयी।

इसके तहत रांची सहित अन्य सभी शहरी नगर निकायों में दस से 15 प्रतिशत होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।

अब जमीन के सर्किल रेट के हिसाब से होल्डिंग तय होगा। कैबिनेट में मरांग गोमके छात्रवृत्ति योजना संशोधन को भी मंजूरी दी गयी।

कैबिनेट की बैठक में कई अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई

कैबिनेट में एचईसी में 70 विधायकों के आवास बनाये जाने के प्रस्ताव पर मंजूरी अभी नहीं मिली। इस पर बाद में विचार का निर्णय लिया गया।

मंत्रिपरिषद की बैठक में बिजली के मुद्दे पर भी गंभीर चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, परिवहन मंत्री चंपई सोरेन सहित अधिकांश मंत्रियों ने बिजली की आंख मिचोली से हो रहे परेशान लोगों को कैसे निजात दिलायी जाये, इस पर कैबिनेट में चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभी हम बिजली की समस्या के निदान के लिए आवश्यक कदम उठायें।

मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि महंगाई, पेट्रोल-डीजल यह भी एक गंभीर मुद्दा है। इस पर भी चर्चा होनी चाहिए।

हमारी सरकार यह प्रयास कर रही है कि बिजली और पानी जैसी जरूरी समस्याओं का निदान किया जाये। इसके अलावा कैबिनेट की बैठक में कई अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई।

Share This Article