झारखंड का यह जिला सबसे गर्म, तापमान पहुंचा 45.6 डिग्री, चार जिलों में येलो अलर्ट जारी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में लू और भीषण गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है।

पलामू का अधिकतम तापमान राज्य में सबसे अधिक रिकार्ड किया गया है। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो औसत से चार पांच डिग्री अधिक है।

भीषण गर्मी एवं लू के थपेड़ों के कारण लोग घरों में कैद हैं। सरकारी-गैर सरकारी विद्यालयों का समय सुबह छह बजे से 12 बजे किया गया है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड से सटे आस-पास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिससे 22 अप्रैल के बाद राज्य के कुछ क्षेत्रों में बारिश का आसार हैं। साथ में गर्जन के साथ तूफान चलने की संभावना भी है।

अनुमान लगाया गया है कि राज्य के पूर्वी और उससे सटे हुए मध्यवर्ती भाग में गर्जन और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। अभिषेक आनंद के अनुसार बीते 24 घंटे में झारखंड में तापमान शुष्क बना रहा।

सबसे अधिक उच्चतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में रिकार्ड किया गया। उन्होंने बताया कि अगले पांच दिनों तक झारखंड में चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों को राहत मिलने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

चार जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि दक्षिणी गुमला, सिमडेगा, धनबाद और गिरिडीह के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों के अंदर मध्यम दर्जे की गर्जन के साथ बारिश की संभावना है।

इन जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहने का भी पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बदलते मौसम को ध्यान रखते हुए आम लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है।

Share This Article