
रांची : रांची जिला की ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करना था। अभियान के तहत बिरसा चौक से अरगोड़ा चौक होते हुए फिरायालाल चौक तक मोटरसाइकिल रैली निकाली गई।
इस अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने किया। इस दौरान लोगों को सीट बेल्ट पहनकर वाहन चलाने, हेलमेट का उपयोग करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, ट्रिपल राइडिंग नहीं करने तथा तेज और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के महत्व और उनके उल्लंघन से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताया गया। इस दौरान रांची क्षेत्र के कई पुलिस उपाधीक्षक, यातायात पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय थाना प्रभारी, ट्रैफिक प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
