रांची: रांची विश्वविद्यालय (आरयू) में अनुबंध पर कार्यरत 36 कर्मियों की सेवा नियमित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नियमित होने वाले इन कर्मचारियों में 20 तृतीय वर्गीय और 16 चतुर्थवर्गीय कर्मचारी शामिल हैं। यह मामला हाईकोर्ट में पहुंचने के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इन कर्मियों की नियुक्ति और सेवा से जुड़े विस्तृत दस्तावेजों की जानकारी मांगी थी। इसके बाद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार द्वारा सभी आवश्यक कागजात निदेशालय को उपलब्ध कराए गए, जिस पर उच्च शिक्षा निदेशालय ने नियमितीकरण का अनुमोदन करते हुए अपनी अंतिम स्वीकृति प्रदान कर दी है।

2006 से 2011 के बीच हुई थी नियुक्ति
नियमित किए गए ये सभी कर्मचारी वर्ष 2006 से 2011 के दौरान विश्वविद्यालय में अनुबंध के आधार पर नियुक्त हुए थे। विश्वविद्यालय सीनेट की बैठकों में भी इन कर्मियों के नियमितीकरण का मुद्दा सीनेट सदस्य डॉ. अटल पांडेय द्वारा प्रमुखता से उठाया गया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 21 सितंबर 2021 को ही इन कर्मचारियों को नियमित करने का निर्णय लिया था, हालांकि पूर्व में वेतन निर्धारण के प्रस्ताव पर रोक लग गई थी। अब निदेशालय की मुहर लगने के बाद इन कर्मचारियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार समाप्त हो गया है।
नियमित हुए कर्मचारी
नियमित किए गए कर्मचारियों में धर्मेंद्र कुमार, नयमा खातून, अनुज कुमार सिन्हा, धीरज बेदिया, नसीमा खातून, राकेश कुमार, शमशेर अली, गीता उरांव, अनिल कुमार, रागिनी मिश्रा, विनय कुमार, मंजय प्रमाणिक, दिनेश्वर प्रसाद, सुभाष कच्छप, अमित कुमार, सुमन महतो, क्षितिज कुमार श्रीवास्तव, मो. शमीम अहमद खान, शंकर गोडैर, इसाक एक्का, मो. फिदा, बीणा कुमारी, संजय तिर्की, प्रतिभा मिंज, जगनी कुमारी, धरम मुंडा, दिनेश कुमार, शमीम अंसारी, राजेश सिंह, जीतेंद्र कुमार, संतोष कुमार मंडल, राजू बहादुर राय, रवींद्र कुमार पासवान, सरिता कच्छप और शंकर भंडारी आदि शामिल हैं।


