रांची: जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज दोपहर 3:00 बजे से स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश शुरू हो जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यदि टिकट के बार कोड स्कैनिंग में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है, तो भी दर्शकों को वापस नहीं लौटना पड़ेगा। ऐसे दर्शकों के लिए एक अलग कतार की व्यवस्था की गई है, जहां मूवेबल हैंड टर्नस्टाइल मशीन से टिकट की जांच कर सही पाए जाने पर उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।

रात 11 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री
मैच को देखते हुए पूरे धुर्वा और स्टेडियम क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए सुबह 6:00 बजे से रात 11:00 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। सुरक्षा में 10 आईपीएस और 20 डीएसपी समेत लगभग दो हजार पुलिसकर्मियों और 50 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त अग्निशमन वाहन, वज्र वाहन, वाटर टैंकर और एंबुलेंस भी स्टेडियम के समीप तैनात रहेंगे।
दर्शकों की सुविधा और बिजली की व्यवस्था
जेएससीए अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव के अनुसार, दर्शकों की सुविधा के लिए अपर और लोअर टियर में मुफ्त पानी तथा ग्लास की व्यवस्था रहेगी। हालांकि सिक्का, बोतल, बैग, हेलमेट, कैमरा और लाइटर जैसी प्रतिबंधित सामग्रियां ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, मैच के दौरान पूरे धुर्वा क्षेत्र और रांची शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि मुकाबले के दौरान बिजली की कोई समस्या उत्पन्न न हो।


