

रांची: मौसम केंद्र रांची की गृह पत्रिका ‘झारखण्ड मौसम दर्पण’ के द्वितीय अंक का विमोचन बुधवार, 2 सितंबर को रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) रांची की 31वीं छमाही बैठक के दौरान हुआ। इस अवसर पर मुख्य आयकर आयुक्त राधेश्याम ने पत्रिका के नए संस्करण का औपचारिक विमोचन किया। इस दौरान मौसम केंद्र रांची को राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नराकास के 48 सदस्य कार्यालयों के बीच “श्रेष्ठ कार्यालय पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए संस्थान को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।





उल्लेखनीय है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 16 दिसंबर 2024 को आयोजित कार्यशाला के दौरान इस पत्रिका के प्रथम अंक का विमोचन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा किया गया था। ‘झारखंड मौसम दर्पण’ के पहले संस्करण को भी पूर्व में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें 20 फरवरी 2026 को अगरतला में आयोजित क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन में वर्ष 2024-25 के लिए पूर्वी क्षेत्र का द्वितीय पुरस्कार और 17 फरवरी 2026 को नराकास की 30वीं बैठक में सर्वश्रेष्ठ पत्रिका प्रकाशन श्रेणी में तृतीय पुरस्कार शामिल है।
