
डेस्क : केंद्र सरकार की राशन योजना का मकसद देश में भुखमरी को खत्म करना और गरीब परिवारों तक सस्ता या मुफ्त अनाज पहुंचाना है। इस योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले परिवारों को हर महीने गेहूं और चावल दिया जाता है, ताकि उन्हें दो वक्त का खाना आसानी से मिल सके। सरकार समय-समय पर इस योजना में बदलाव करती रहती है, ताकि लाभार्थियों को ज्यादा सुविधाएं मिल सकें। अब इसी कड़ी में एक नई राहत भरी खबर सामने आई है। जल्द ही राशन कार्ड धारकों को गेहूं और चावल के साथ चीनी भी दी जाएगी।
पैकेट में मिलेगी चीनी, नहीं होगी गड़बड़ी
इस बार खास बात यह है कि चीनी खुले में नहीं, बल्कि पैकेट में दी जाएगी। इसका मकसद वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और वजन में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकना है। पैकेटबंद चीनी देने से साफ-सफाई का भी बेहतर ध्यान रखा जा सकेगा। सरकार का मानना है कि खुले में मिलने वाली चीनी को लेकर अक्सर गंदगी और कम वजन की शिकायतें आती थीं। इसलिए अब इसे सीलबंद पैकेट में देने का फैसला लिया गया है, ताकि लोगों को तय मात्रा में साफ और सुरक्षित चीनी मिल सके। गरीब परिवारों के लिए यह कदम काफी अहम माना जा रहा है।
गरीबों की रसोई में घुलेगी मिठास
आर्थिक तंगी के कारण कई लोग चीनी जैसी जरूरी चीजें भी नहीं खरीद पाते। ऐसे में सरकार का यह फैसला उनकी जिंदगी में थोड़ी मिठास जोड़ने जैसा होगा। जानकारी के मुताबिक, इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि 12 मई तक राशन के साथ चीनी का वितरण शुरू हो सकता है। इसके लिए संबंधित विभागों की ओर से जरूरी आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

