
रांची : झारखंड के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत अब गंभीर रूप लेती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि रांची, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू के कई पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड लटक गए हैं। इसका सीधा असर परिवहन व्यवस्था पर पड़ा है, जो पूरी तरह से चरमरा गई है। सबसे ज्यादा परेशानी हजारीबाग के कारगिल पेट्रोल पंप और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रही है, जहां पेट्रोल के लिए गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी हुई हैं।
हजारीबाग में गाड़ियों को धक्का मारते दिखे लोग
रविवार सुबह से ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोग पेट्रोल मिलने की उम्मीद में तेज गर्मी के बीच घंटों लाइन में खड़े नजर आए। कई लोग तो अपनी गाड़ियां धक्का मारकर पेट्रोल पंप तक ले जाते दिखे, क्योंकि रास्ते में ही उनका तेल खत्म हो गया था। स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने बताया, “मैं पिछले तीन घंटे से लाइन में हूं, लेकिन अब पंप कर्मचारी कह रहे हैं कि स्टॉक खत्म होने वाला है। समझ नहीं आता कि काम पर जाएं या तेल के लिए लाइन में लगें।” रविवार सुबह से ही शहर के ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म होने की सूचना चस्पा कर दी गई, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

