
Palamu Murder Case : बहुचर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। रेडमा निवासी कारोबारी विनीत तिवारी का शव पलामू सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके में संदिग्ध हालत में मिला था।
शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि घटना सुनियोजित साजिश के तहत हुई। आशंका है कि पहले विनीत का अपहरण किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जमीन विवाद की आशंका
पुलिस जमीन विवाद को एक संभावित कारण मानकर जांच कर रही है, लेकिन इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
लोगों में आक्रोश, निकला कैंडल मार्च
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिवार के सदस्य भी इस मार्च में शामिल हुए।
SIT कर रही जांच
एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर गठित एसआईटी मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा और जांच को दिशा मिलेगी।
वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

