
डेस्क : घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद आज जोरदार रिकवरी देखने को मिली। BSE Sensex और Nifty 50 दोनों ही इंडेक्स मजबूती के साथ खुले, जिससे निवेशकों का भरोसा फिर से लौटता नजर आया। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद ने बाजार को बड़ा सपोर्ट दिया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा उछलकर 77,000 के पार चला गया, जबकि निफ्टी भी 24,000 के स्तर को पार करता दिखा। हालांकि इस तेजी के बीच कुछ शेयरों में गिरावट भी रही, खासकर फिनटेक कंपनी पेटीएम में भारी दबाव देखा गया।
बाजार की चाल
आज बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। सेंसेक्स करीब 500 अंक चढ़कर 77,180 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा, जबकि निफ्टी 150 से ज्यादा अंकों की तेजी के साथ 24,000 के ऊपर पहुंच गया। पिछले सत्र की गिरावट के बाद यह तेजी निवेशकों के लिए राहत लेकर आई। सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर हरे निशान में खुले, जो बाजार की मजबूत शुरुआत को दिखाता है। सिर्फ बैंकिंग सेक्टर के कुछ शेयरों में हल्की कमजोरी रही। आज कई बड़े शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। Sun Pharma में 5% से ज्यादा की तेजी रही। इसके अलावा Adani Ports, Kotak Mahindra Bank, Tata Steel और Infosys में 1% से 2.5% तक की बढ़त दर्ज की गई। वहीं Axis Bank में हल्की गिरावट देखी गई।
पेटीएम में भारी गिरावट
फिनटेक कंपनी Paytm के शेयरों में आज करीब 8% की गिरावट दर्ज की गई। इसकी बड़ी वजह भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस रद्द किया जाना बताया जा रहा है।इस फैसले के बाद निवेशकों में चिंता बढ़ गई और शेयर में भारी बिकवाली देखने को मिली। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इसका असर आने वाले समय में भी कंपनी पर दिख सकता है।
ब्रॉडर मार्केट और सेक्टर का हाल
ब्रॉडर मार्केट ने भी आज अच्छा प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1% से ज्यादा की तेजी रही। सेक्टर के हिसाब से Nifty Realty और Nifty Pharma में मजबूती दिखी, जबकि Nifty Private Bank और Nifty Financial Services दबाव में रहे। वहीं कच्चे तेल की कीमतों में उछाल भी देखने को मिला, जिसका असर ग्लोबल मार्केट पर पड़ सकता है।

