

RIMS Ranchi : रिम्स में मरीजों को बेहतर, पारदर्शी और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। रिम्स निदेशक ने चिकित्सा अधीक्षक, अपर चिकित्सा अधीक्षक, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य पदाधिकारियों के साथ अस्पताल के विभिन्न विभागों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों की सुविधा, डिजिटल व्यवस्था, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।





निरीक्षण के दौरान ओपीडी पंजीकरण काउंटर से ही ऑनलाइन भर्ती (ऑनलाइन एडमिशन) प्रक्रिया शुरू करने की व्यवस्था का डेमो प्रस्तुत किया गया। इसे जल्द लागू करने के निर्देश दिए गए ताकि भर्ती प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बन सके। इसके अलावा सुझाव पेटी को उपयुक्त स्थान पर लगाने, ओपीडी परिसर के आश्रय गृह की सुविधाएं बेहतर करने, ट्रॉमा सेंटर में ट्रॉलियों की उपलब्धता बढ़ाने और ट्रॉमा मॉर्च्युरी की व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया गया।
निदेशक ने केंद्रीय सर्वर कक्ष और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। पुराने बीएसएनएल भवन को ध्वस्त करने और कार्यालय को अस्थायी रूप से पेइंग वार्ड के भूतल पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। कॉटेज परिसर की साफ-सफाई और रसोईघर के आरओ जल की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
इसी क्रम में रिम्स में सी-डैक और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों को ऑनलाइन भर्ती एवं ऑनलाइन डिस्चार्ज प्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (HIMS) के माध्यम से मरीजों के पंजीकरण, भर्ती, उपचार और डिस्चार्ज की डिजिटल प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस व्यवस्था से मरीजों की जानकारी का सुरक्षित प्रबंधन होगा और अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी।
वहीं, छात्रावास संख्या-8 परिसर में ग्रीन कैंपस, क्लीन कैंपस अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। डीन छात्र कल्याण डॉ. राहुल प्रसाद के नेतृत्व में छात्रों और शिक्षकों ने पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
दिन के दौरान रिम्स के पास सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की जान बचाने में डालसा की पैरा लीगल वॉलंटियर अनीता देवी, रिम्स के चिकित्सक डॉ. अनित और सदर थाना पुलिस की तत्परता से नया जीवन मिल गया। रिम्स प्रशासन ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए लोगों से आपात स्थिति में घायल व्यक्तियों की सहायता करने और तुरंत पुलिस व चिकित्सा सेवाओं को सूचना देने की अपील की।
