जगन्नाथपुर रथ यात्रा की तैयारियां तेज, मेयर और नगर आयुक्त ने किया रूट निरीक्षण, पूरे मार्ग को बनाया जाएगा ‘नो प्लास्टिक जोन’

16 जुलाई की जगन्नाथपुर रथ यात्रा से पहले रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूरा रथ मार्ग नो प्लास्टिक जोन होगा और श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jagannathpur Rath Yatra : 16 जुलाई ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर रांची नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को महापौर रोशनी खलखो और नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के वरीय अधिकारियों के साथ रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बिजली और अतिक्रमण समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नगर निगम ने रथ यात्रा मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्णय लिया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं और मेले के दौरान लगने वाली दुकानें एवं ठेले सड़क से हटकर व्यवस्थित ढंग से लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न हो। पूरे मंदिर परिसर से लेकर रथ यात्रा मार्ग तक ‘नो प्लास्टिक जोन’ घोषित किया जाएगा। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। दुकानदारों और श्रद्धालुओं से कपड़े, जूट या अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में चलित शौचालय, पेयजल के वाटर टैंकर, 24 घंटे संचालित निगम के आश्रय गृह और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बारिश को देखते हुए गड्ढों की मरम्मत, जलजमाव रोकने के उपाय और मार्ग के किनारे झुके हुए पेड़ों की छंटाई के भी निर्देश दिए गए हैं। बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने, खुले बिजली तारों को सुरक्षित करने, मंदिर समिति और जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं बिजली विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर भी विशेष जोर दिया गया। नगर निगम की ओर से 24×7 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा रांची की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है तथा नगर निगम का प्रयास है कि सभी विभागों के समन्वय से श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं, ताकि रथ यात्रा का आयोजन स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।