इंजरी के बावजूद पृथ्वी देव भट्टाचार्य ने जीता गोल्ड, राष्ट्रीय जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में झारखंड का शानदार प्रदर्शन

चोटिल होने के बावजूद पृथ्वी देव भट्टाचार्य ने राष्ट्रीय जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। झारखंड के खिलाड़ियों ने कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

All India Manthan Gymnastics Cup 2026 : दिल्ली के मंथन जिम्नास्टिक्स स्टेडियम में आयोजित थर्ड ऑल इंडिया मंथन जिम्नास्टिक्स कप-2026 (ऑल इंडिया ओपन नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप) में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में सबसे अधिक चर्चा रांची में प्रशिक्षण ले रहे धनबाद के युवा जिम्नास्ट पृथ्वी देव भट्टाचार्य की रही, जिन्होंने चोटिल होने के बावजूद इंडिविजुअल मेन यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

धनबाद के निरसा निवासी पृथ्वी वर्तमान में रांची में रहकर पढ़ाई के साथ जिम्नास्टिक का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच विकास कुमार गोप को दिया। पृथ्वी ने बताया कि प्रतियोगिता से पहले वह चोट से जूझ रहे थे, लेकिन गोल्ड जीतने का संकल्प लेकर उन्होंने मुकाबले में हिस्सा लिया। नियमित अभ्यास और कोच के मार्गदर्शन ने उन्हें जीत तक पहुंचाया।

प्रतियोगिता में झारखंड की महिला खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। चंदा कुमारी ने तीन स्वर्ण पदक जीते, जबकि ऋष्टि राज, दिशा माहेश्वरी, नंदिनी कुमारी, तनुश्री कुमारी, प्रिया यादव, रिधिका यादव और रितिका जोशी ने विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए। पुरुष वर्ग में अथर्व गुप्ता ने रजत तथा आदित्य राज ने दो स्वर्ण पदक जीते। प्रिबा श्री ने नेशनल डेवलपमेंट विमेन वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा राहुल राज-अंकिता माझी, अलेक्जेंडर लीला मुंडा-पूनम हांसदा, जेम्स कंडुलना-आराध्या पांडेय तथा शिव कुमार-खुशी कुमारी की जोड़ियों ने भी एक्रो स्पर्धाओं में पदक जीतकर झारखंड का मान बढ़ाया।

कोच विकास कुमार गोप ने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का ही परिणाम है कि झारखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यही खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और झारखंड का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन करेंगे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।