रांची : बाईपास रोड स्थित सेल सैटेलाइट चौक से बिरसा चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। रांची नगर निगम की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और अवैध रूप से बनी झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। नगर निगम की टीम लगातार कार्रवाई में जुटी रही।
अपने आशियाने उजड़ते देख स्थानीय लोगों ने एक बार फिर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि उन्हें कई दशक पहले यहां बसाया गया था, लेकिन अब सरकार और प्रशासन उनके घरों को हटाने की कार्रवाई कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि कार्रवाई से उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। वहीं, नगर निगम की टीम ने अभियान जारी रखते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।

