टाटा स्टील प्रबंधन ने संगठनात्मक स्तर पर किए बदलाव, मोहसिन आजाद कादरभाई को एंटरप्राइज रिस्क मैनेजमेंट की जिम्मेदारी

टाटा स्टील ने वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण और नई नियुक्तियां कीं। मोहसीन आजाद कादरभाई बने एंटरप्राइज रिस्क हेड, शुभ्रा सिंह हुईं टीआरएफ की नई सीएचआरओ। कमेटी का पुनर्गठन।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : टाटा स्टील प्रबंधन ने संगठनात्मक स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। कंपनी ने आईएल-3 स्तर के दो वरीय अधिकारियों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसके अलावा टाटा स्टील की अनुषंगी कंपनी टीआरएफ लिमिटेड के शीर्ष प्रबंधन में भी बदलाव किया गया है। वहीं, जी टाउन क्लब एक्जीक्यूटिव कमेटी और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी से जुड़ी कमेटी का भी पुनर्गठन किया गया है।

मोहसीन आजाद कादरभाई को एंटरप्राइज रिस्क मैनेजमेंट की जिम्मेदारी

टाटा स्टील के टेक्नोलॉजी एंड क्यूए (फ्लैट प्रोडक्ट्स) के प्रिंसिपल टेक्नोलॉजिस्ट मोहसीन आजाद कादरभाई को हेड (एंटरप्राइज रिस्क मैनेजमेंट) नियुक्त किया गया है। वह एक नवंबर से जमशेदपुर मुख्यालय से दो वर्षों के लिए नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इस दौरान वे चीफ एंटरप्राइज रिस्क मैनेजमेंट को रिपोर्ट करेंगे। वहीं, स्टील रीसाइक्लिंग बिजनेस के हेड (पार्टनरशिप्स एंड सप्लाई चेन) अरुण कुमार पांडेय का स्थानांतरण इसी पद पर दिल्ली किया गया है। उनका स्थानांतरण आदेश एक अक्टूबर से प्रभावी होगा। दिल्ली में पदभार संभालने के बाद वे चीफ (स्टील रीसाइक्लिंग बिजनेस एंड अर्बन माइनिंग) को रिपोर्ट करेंगे।

टीआरएफ में शुभ्रा सिंह बनीं नई सीएचआरओ

टाटा स्टील की अनुषंगी कंपनी टीआरएफ लिमिटेड ने भी अपने शीर्ष प्रबंधन में बदलाव किया है। शुभ्रा सिंह को कंपनी का नया चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर (सीएचआरओ) नियुक्त किया गया है। उनका पदभार मंगलवार से प्रभावी हो गया है। शुभ्रा सिंह इससे पहले टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन में हेड-एचआरबीपी के पद पर कार्यरत थीं। उनके पास टाटा समूह के विभिन्न कार्यक्षेत्रों और व्यावसायिक संवर्गों में मानव संसाधन प्रबंधन का 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह अभिजीत सिंह का स्थान लेंगी। अभिजीत सिंह को टाटा स्टील समूह में नई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जी टाउन क्लब कमेटी का पुनर्गठन

टाटा स्टील प्रबंधन ने बिष्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब की एक्जीक्यूटिव कमेटी का भी पुनर्गठन किया है। नई कमेटी में मैन्युफैक्चरिंग चीफ विनीत कुमार शाह को चेयरमैन बनाया गया है। कमेटी में हेड एचआरएम राजेश कुमार झा, चीफ कॉरपोरेट सर्विसेज वरुण बजाज, चीफ एचआरएम विकास कुमार, मुकेश वर्मा, कुमुद लता सिंह और संजीव कुमार झा को शामिल किया गया है। नई कमेटी तत्काल प्रभाव से कार्य करेगी।

ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कमेटी में भी बदलाव

टाटा स्टील ने ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी लाने के उद्देश्य से गठित कमेटी का भी पुनर्गठन किया है। अधिकारियों के तबादले के बाद कंपनी प्रबंधन ने कमेटी में बदलाव किया है। नई कमेटी में वाइस प्रेसिडेंट (सेफ्टी, हेल्थ एंड सस्टेनेबिलिटी) राजीव मंगल को चेयरमैन बनाया गया है। कमेटी कंपनी के ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने से जुड़े प्रयासों और कार्ययोजनाओं पर काम करेगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।