रांची : झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने जेवीएम श्यामली सहित रांची के विभिन्न विद्यालयों की ओर से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा से पहले ही कक्षा 11वीं में नामांकन के लिए अग्रिम आवेदन प्रक्रिया शुरू करने तथा ₹2,000 रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूले जाने के मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है। इस संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को ईमेल के जरिये ज्ञापन भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

एसोसिएशन ने कहा कि वर्तमान में कक्षा 10वीं के विद्यार्थी अपनी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। CBSE एवं ICSE बोर्ड की परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित हो चुकी हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को 11वीं में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन, रजिस्ट्रेशन शुल्क, प्रवेश परीक्षा एवं निर्धारित समयसीमा के दबाव में डालना उनके मानसिक तनाव को बढ़ाने वाला है।

एसोसिएशन का कहना है कि जब विद्यार्थियों के सामने बोर्ड परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण चुनौती है, तब उन्हें अगली कक्षा के नामांकन की प्रक्रिया में उलझाना किसी भी दृष्टिकोण से विद्यार्थी हित में नहीं है। बोर्ड परीक्षा से पहले ही आवेदन, ₹2,000 रजिस्ट्रेशन शुल्क और प्रवेश प्रक्रिया को लेकर बच्चों और अभिभावकों के बीच अनावश्यक असमंजस और चिंता पैदा की जा रही है।
अजय राय ने सवाल उठाया कि क्या विद्यालयों के लिए विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति, बोर्ड परीक्षा की तैयारी और शैक्षणिक हित से ज्यादा महत्वपूर्ण अग्रिम नामांकन प्रक्रिया एवं रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूली है? शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य देना है, न कि परीक्षा से पहले ही उन्हें दूसरी प्रवेश प्रक्रिया के दबाव में डाल देना।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों को बच्चों की मानसिक स्थिति और उनकी पढ़ाई के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। दसवीं बोर्ड परीक्षा संपन्न होने के बाद ग्यारहवीं में नामांकन की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है। विद्यार्थियों को एक परीक्षा की तैयारी के दौरान दूसरी परीक्षा और नामांकन की चिंता में डालना उचित नहीं है।
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मांग की है कि जेवीएम श्यामली सहित ऐसे विद्यालयों की प्रक्रिया की जांच की जाए, जो बोर्ड परीक्षा से पहले ही कक्षा 11वीं के लिए आवेदन एवं रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करा रहे हैं। साथ ही ₹2,000 अथवा अन्य शुल्क की वैधता, औचित्य एवं पारदर्शिता की जांच हो तथा विद्यालयों को विद्यार्थियों एवं अभिभावकों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाने का निर्देश दिया जाए।
अजय राय ने कहा कि विद्यार्थियों की मानसिक शांति, परीक्षा की तैयारी और शैक्षणिक हित सर्वोपरि होना चाहिए। विद्यालयों को शिक्षा के नाम पर बच्चों एवं अभिभावकों को आर्थिक बोझ, मानसिक तनाव और अनावश्यक असमंजस में डालने से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चे अभी दसवीं की बोर्ड परीक्षा देंगे या ग्यारहवीं में नामांकन की दौड़ में मानसिक रूप से उलझे रहेंगे? जिला शिक्षा प्रशासन को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए तनावमुक्त वातावरण मिल सके।


