रांची : नयी शिक्षा नीति (NEP) के तहत शुरू हुए चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के पहले बैच के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। रांची विश्वविद्यालय ने सत्र 2022-26 के छात्रों के लिए सेमेस्टर-8 (रेगुलर) परीक्षा का फॉर्म भरने को लेकर आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के जारी नोटिस के मुताबिक छात्र 25 नवंबर से 30 नवंबर तक बिना किसी विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।

फॉर्म भरने के लिए देनी होगी इतनी फीस
जो विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाएंगे, उन्हें भी एक और मौका दिया जाएगा। ऐसे छात्र 1 दिसंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, इस दौरान फॉर्म भरने पर 400 रुपये लेट फाइन देना होगा। परीक्षा फॉर्म भरने के लिए विश्वविद्यालय ने अलग-अलग शुल्क भी निर्धारित किए हैं। जिसमें परीक्षा शुल्क 300 रुपये, लोकल लेवी 250 रुपये, मार्क्सशीट शुल्क 50 रुपये और अतिरिक्त प्रैक्टिकल शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है।

दिसंबर-जनवरी में हो सकती है सेमेस्टर-8 की परीक्षा
रांची विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की कोशिश में जुटा है। इसी दिशा में सेमेस्टर-8 की परीक्षा दिसंबर और जनवरी के बीच आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, परीक्षा की सटीक तारीखों को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।


