टाटा स्टील के 15 हजार से अधिक कर्मचारियों को मिल सकती है लंच टाइम में राहत

टाटा स्टील कर्मचारियों को कैंटीन में बढ़ती भीड़ से जल्द राहत मिल सकती है। प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन लंच टाइम बदलने या अतिरिक्त समय देने पर विचार कर रहे हैं।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों को जल्द ही लंच टाइम के दौरान राहत मिल सकती है। कंपनी की कैंटीन में भोजन के समय बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन ने पहल शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बीच इस समस्या का समाधान निकालने को लेकर मंथन हो रहा है। स्थायी कर्मचारियों के दोपहर के भोजन का समय अलग करने या उन्हें अतिरिक्त समय देने जैसे विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।टाटा स्टील में कर्मचारियों के भोजन की व्यवस्था काफी बड़े स्तर पर संचालित होती है। कंपनी में 15 बड़ी कैंटीन और 104 ट्रॉली प्वाइंट हैं। यहां प्रतिदिन 15 हजार से अधिक स्थायी और ठेका कर्मचारी नाश्ता और भोजन करते हैं। पहले स्थायी और ठेका कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कैंटीन की व्यवस्था थी। लेकिन कुछ महीने पहले दोनों श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए एक ही कैंटीन व्यवस्था लागू कर दी गई। इसके बाद भोजन के समय कैंटीन में भीड़ बढ़ने की समस्या सामने आई है।

एक ही समय पर बड़ी संख्या में कर्मचारियों के कैंटीन पहुंचने से भोजन लेने और बैठकर खाने में परेशानी होती है। इस समस्या को देखते हुए प्रबंधन और यूनियन के शीर्ष नेतृत्व ने ऑनलाइन बैठक कर विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की। कोशिश है कि कर्मचारियों को भोजन के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़े और कैंटीन की व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे। बैठक में इस बात पर विचार किया गया कि स्थायी कर्मचारियों के दोपहर के भोजन का समय अलग निर्धारित किया जाए या उन्हें अतिरिक्त समय दिया जाए, ताकि वे बाद में भी भोजन कर सकें। इस संबंध में विभागीय चीफ और कमेटी मेंबर आपसी सहमति से निर्णय लेने में भूमिका निभा सकते हैं। प्रबंधन और यूनियन इस समस्या का व्यावहारिक समाधान तलाश रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इस दिशा में कोई निर्णय लिया जा सकता है।

बैठक में ये अधिकारी और यूनियन प्रतिनिधि रहे मौजूद

ऑनलाइन बैठक में कंपनी प्रबंधन की ओर से वाइस प्रेसिडेंट, जमशेदपुर ऑपरेशंस चैतन्य भानु, चीफ पीपल ऑफिसर अत्रेयी सान्याल और ग्रुप चीफ आईआर जुबिन पालिया शामिल हुए। वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष संजीव चौधरी, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह और महासचिव सतीश सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। कैंटीन में भोजन के समय होने वाली भीड़ से राहत दिलाने के लिए प्रबंधन और यूनियन के बीच शुरू हुई पहल से कर्मचारियों को उम्मीद जगी है। हालांकि, अंतिम फैसला होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि लंच टाइम में बदलाव किया जाएगा या भोजन के लिए अतिरिक्त समय देने की व्यवस्था लागू होगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।