जमशेदपुर: हावड़ा से आ रही टाटा स्टील एक्सप्रेस में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन की C3 बोगी से आग की लपटें और धुआं निकलता देख यात्रियों में अफरातफरी शुरू हो गई। हालांकि लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी गई ट्रेन
जानकारी के मुताबिक, जिस समय यह घटना हुई उस वक्त ट्रेन तेज रफ्तार में चल रही थी। इसी दौरान C3 बोगी में आग लगने की सूचना मिली। हालात की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को सुरक्षित रोक दिया। इसके बाद ट्रेन को चाकुलिया रेलवे स्टेशन लाया गया, जहां सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में बोगी के इलेक्ट्रॉनिक पैनल में चूहा घुसने से शॉर्ट सर्किट होने और इसी वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल अधिकारी आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।



