हजारीबाग में अवैध बालू कारोबारियों की दबंगई! CO को घेरा, जान से मारने की धमकी देकर ट्रैक्टर छुड़ाया

हजारीबाग के बरकट्ठा में अवैध बालू लदा ट्रैक्टर रोकने पर सीओ को घेरा, जान से मारने की धमकी देकर ट्रैक्टर छुड़ाया; गोरहर थाने में FIR दर्ज।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Hazaribagh News : झारखंड में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करना अधिकारियों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। हजारीबाग के बरकट्ठा में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को रोकना बीडीओ सह अंचल अधिकारी (CO) सुमन कुमार सौरभ को भारी पड़ गया। आरोप है कि ट्रैक्टर से संबंधित कागजात मांगने पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया, सरकारी काम में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद सीओ के आवेदन पर गोरहर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

ट्रैक्टर रोकते ही शुरू हुआ विवाद

प्राथमिकी के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब सात बजे सीओ सुमन कुमार सौरभ हजारीबाग से बरकट्ठा लौट रहे थे। इसी दौरान बंडासिंघा मोड़ के पास उन्होंने बिना नंबर प्लेट के बालू लदे एक ट्रैक्टर को रोका। उन्होंने चालक से बालू परिवहन का चालान और वैध दस्तावेज मांगे।

इसी बीच दुर्गा मिष्ठान दुकान के पास मौजूद कुछ लोग वहां पहुंच गये। आरोप है कि उन्होंने ट्रैक्टर चालक को मौके से भगा दिया और दूसरे व्यक्ति की मदद से ट्रैक्टर भी वहां से निकलवा दिया।

सरकारी वाहन में घुसने की कोशिश, जान से मारने की धमकी

सीओ ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित लोगों ने उनकी सरकारी गाड़ी में जबरन घुसने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, गाड़ी का शीशा खुलवाने की कोशिश करते हुए धमकी दी गई कि भविष्य में बालू लदे वाहन को रोकने पर उन्हें जान से हाथ धोना पड़ेगा।

स्थिति बिगड़ती देख सीओ ने अपनी गाड़ी के दरवाजे बंद कर लिए और गोरहर थाना पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

वीडियो फुटेज के आधार पर कई लोगों पर आरोप

सीओ के मुताबिक, उन्होंने पूरी घटना का वीडियो बनाया था। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने उनका मोबाइल या वीडियो छीनने की भी कोशिश की।

शिकायत में बंडासिंघा निवासी किशोर मोदी, किशोर साव, महेंद्र साव, दुर्गा मिष्ठान दुकान के संचालक, दुकान के कर्मचारियों और छह-सात अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। प्राथमिकी में सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट, मॉब लिंचिंग और अवैध बालू कारोबार से जुड़े आरोप शामिल किए गए हैं।

बराकर नदी से अवैध बालू खनन का आरोप

स्थानीय स्तर पर बराकर नदी के विभिन्न घाटों से बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और परिवहन किए जाने के आरोप लगते रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि चलकुशा प्रखंड क्षेत्र में सिंडिकेट के माध्यम से इस कारोबार को संचालित किया जा रहा है।

आरोप है कि प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर और टीपर के जरिए बालू का उठाव कर परिवहन किया जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अवैध कारोबार जारी है।

फिलहाल सीओ की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में आरोपों की जांच और नामजद लोगों की भूमिका स्पष्ट होना बाकी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।