दयानंद राय

रांची : झारखंड के चर्चित व्यवसायी विष्णु अग्रवाल ने 375 करोड़ रुपये में न्यूक्लियस मॉल बेच दिया है। इसके साथ ही झारखंड के प्रॉपर्टी बाजार में चर्चाओं का बाजार गर्म है। न्यूक्लियस मॉल की बिक्री झारखंड की सबसे बड़ी प्रॉपर्टी डील बतायी जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जिस मॉल में 88 से ज्यादा दुकानें थीं, जिससे हर महीने लाखों का राजस्व मिलता था उसे विष्णु अग्रवाल ने क्यों बेच दिया। सूत्रों का कहना है कि विष्णु अग्रवाल ईडी की सक्रियता के बाद से इस प्रॉपर्टी को बेचना चाहते थे। हाल के दिनों में उनकी तबीयत भी गड़बड़ रहने लगी थी, इस वजह से भी वे तनाव मुक्त रहना चाहते थे।

खरीदनेवाला भी ईडी के रडार पर, बेचनेवाला भी ईडी के रडार पर
आरटीआई एक्टिविस्ट पंकज यादव ने बताया कि उन्होंने इस मामले में उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी और अब वे ईडी को भी पत्र लिखेंगे। क्योंकि न्यूक्लियस मॉल खरीदने और बेचनेवाले दोनों ईडी के रडार पर हैं। उन्होंने कहा कि न्यूक्लियस मॉल विवादित जमीन पर बना है। वीमेंस कॉलेज की कुछ जमीन इस मॉल के निर्माण में उपयोग में लायी गयी है। न्यूक्लियस मॉल की बिक्री इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसके पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल का नाम रांची के जमीन से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की जांच से जुड़ चुका है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईडी ने जमीन से जुड़े कथित अनियमित लेनदेन की जांच के दौरान विष्णु अग्रवाल से पूछताछ की थी और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। मॉल की जमीन भी पहले ED की जांच के दायरे में चर्चा में रही है। मई 2024 में ED की टीम की ओर से न्यूक्लियस मॉल से जुड़े दस्तावेजों और संपत्ति का सर्वे किए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी। दूसरी ओर खरीदार से जुड़े परिवार को लेकर भी रिपोर्टों में धनबाद के कोयला कारोबार का संदर्भ दिया गया है।
1.59 एकड़ जमीन पर बना है न्यूक्लियस मॉल
गौरतलब है कि सर्कुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल करीब 1.59 एकड़ जमीन पर विकसित किया गया है। यहां वर्ष 2017 में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थीं। करीब एक दशक में यह मॉल रांची के शॉपिंग, खान-पान और मनोरंजन के प्रमुख केंद्रों में अपनी पहचान बना चुका है। मॉल में 88 दुकानें और 29 कियोस्क होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा यहां अलग-अलग रिटेल ब्रांड, खाने-पीने के आउटलेट और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं संचालित होती हैं। यही वजह है कि रांची के युवाओं और परिवारों के बीच न्यूक्लियस मॉल की अलग पहचान बनी हुई है। न्यूक्लियस मॉल के नये मालिक के रुप में विवेक कुमार सिंह का नाम सामने आया है। वे धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के बेटे हैं।


