
RIMS Ranchi : राजधानी के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में सोमवार शाम आयोजित फेयरवेल पार्टी अब विवादों में घिर गई है। 2020 बैच के छात्रों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर आरोप लगाया गया है कि रिम्स के ऑडिटोरियम में पार्टी के दौरान कुछ लोगों ने खुलेआम शराब का सेवन किया। मामला सामने आने के बाद पूरे संस्थान में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि फेयरवेल कार्यक्रम खत्म होने के बाद इसकी शिकायत रिम्स प्रबंधन तक पहुंची। शिकायत मिलते ही निदेशक ने मामले को गंभीर माना और पूरे घटनाक्रम की जांच कराने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ संस्थान के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जांच शुरू कर दी गई है और प्रबंधन पूरे मामले की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि कार्यक्रम के दौरान वास्तव में क्या हुआ और आरोपों में कितनी सच्चाई है।

