रिम्स में एक इंच का चीरा लगाकर डॉक्टरों ने कर दी जटिल ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी, जानें फिर क्या हुआ

रांची के रिम्स में डॉक्टरों ने केवल एक इंच का चीरा लगाकर जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी की। धनबाद की 42 वर्षीय मरीज की सेहत में लगातार सुधार।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रिम्स के न्यूरोसर्जरी विभाग ने चिकित्सा जगत में एक और बेहतरीन मिसाल पेश करते हुए जटिल ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया है। धनबाद की रहने वाली 42 वर्षीय सोनिया खातून न्यूरोफाइब्रोमैटोसिस और ओलिगोडेंड्रोग्लियोमा (एक प्रकार का ब्रेन ट्यूमर) से पीड़ित थीं। मरीज को अन्य स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं भी थीं, जिससे एनेस्थीसिया देने और सर्जरी की पूरी प्रक्रिया बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई थी।

मरीज की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए ऑपरेशन से पहले विभिन्न विभागों से मूल्यांकन और आवश्यक क्लीयरेंस ली गई। इसके बाद न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने सटीक सर्जिकल योजना बनाते हुए मस्तिष्क में केवल एक इंच का छोटा सा चीरा लगाकर ट्यूमर को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया।

इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को अंजाम देने वाली टीम में न्यूरोसर्जरी विभाग से डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. नारायण और डॉ. कुमार दीपक शामिल रहे। वहीं, एनेस्थीसिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी डॉ. मुकेश, डॉ. राजेश, डॉ. वशिष्ठ, डॉ. क्षितिज और डॉ. अधिश्री ने निभाई। विभिन्न विभागों के बेहतरीन तालमेल और डॉक्टरों की सूझबूझ से यह जटिल ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।

वर्तमान में मरीज डॉक्टरों की निगरानी में है और उनकी सेहत में लगातार सुधार देखा जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही वे पूरी तरह स्वस्थ होकर अपनी सामान्य दैनिक गतिविधियां फिर से शुरू कर सकेंगी।

Share This Article