
RPF Seizes 32 Bottles of Illicit Liquor : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। हटिया-रांची रेलखंड के बीच ट्रेन संख्या 18624 हटिया-पटना एक्सप्रेस के जेनरल कोच से आरपीएफ ने लावारिस हालत में पड़ी 32 बोतल अवैध शराब जब्त की है। बरामद शराब को उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है।
सीट के नीचे बैग में छिपाई गई थी खेप
यह कार्रवाई 1 जुलाई को आरपीएफ पोस्ट हटिया की ट्रेन एस्कॉर्टिंग टीम द्वारा की गई। हटिया से रांची के बीच गहन जांच के दौरान प्रधान आरक्षी दिनेश कुमार और उनकी टीम को जेनरल श्रेणी के कोच में यात्री सीटों के नीचे दो संदिग्ध बैग मिले। कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी उन बैगों पर अपना दावा नहीं किया। शाम को जब ट्रेन रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंची, तो इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ पोस्ट रांची को दी गई।
सूचना मिलते ही रांची आरपीएफ के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। जब दोनों संदिग्ध बैगों (एक ग्रे रंग का नाइकी बैग और एक नीला-सिल्वर बैग) को खोलकर जांच की गई, तो उनके अंदर से झारखंड रॉयल ब्रांड की कुल 32 बोतलें बरामद हुईं। दोनों बैगों में 16-16 बोतलें रखी गई थीं। आरपीएफ पोस्ट रांची के उपनिरीक्षक अजीत कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब को जब्त कर लिया।
आरपीएफ ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद 2 जुलाई 2026 को जब्त की गई अवैध शराब को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सुपुर्द कर दिया है। कार्रवाई में हटिया आरपीएफ एस्कॉर्टिंग टीम के प्रधान आरक्षी दिनेश कुमार, आरक्षी कुमार पप्पू, बलदेव सिंह, अमरेश कुमार तथा रांची आरपीएफ के उपनिरीक्षक अजीत कुमार की मुख्य भूमिका रही।

