NH-33 पर मौत बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रक! बाइक, ऑटो के बाद स्कॉर्पियो को बनाया निशाना, चालक की हालत गंभीर

टाटा-रांची NH-33 पर बेकाबू ट्रक ने बाइक, ऑटो और स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में स्कॉर्पियो चालक गंभीर घायल हुआ, जबकि आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची (बुंडू) : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बुंडू टोल प्लाजा के पास एदलहातू में हुए इस भीषण हादसे में एक सफेद स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजस्थान नंबर का ट्रक (RJ08GA8131) बुंडू क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद से ही अनियंत्रित गति से दौड़ रहा था। बताया जा रहा है कि एदलहातू पहुंचने से पहले इसी ट्रक ने एक मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद भी चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की और बुंडू सूर्य मंदिर के पास एक ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि आगे चल रही सफेद स्कॉर्पियो (JH05CV5511) के चालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। ट्रक ने पीछे से इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक भारी वाहन और पीछे से आ रहे ट्रक के बीच फंस गई। इस भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो का आगे और पीछे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

हादसे के समय स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे और दोनों जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से टीम ने काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो के केबिन में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला और तुरंत बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, स्कॉर्पियो में मौजूद दूसरे यात्री के हाथ में फ्रैक्चर और अन्य चोटें आई हैं। उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।

हादसे के बाद गुस्साई भीड़ को देखकर ट्रक चालक अपना वाहन सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कराया, जिससे हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।