रांची: झारखंड के दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूज्य माता रूपी सोरेन के निधन पर राज्यभर में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद समाचार के सामने आने के बाद राज्य के सत्ता पक्ष और विपक्ष के तमाम प्रमुख नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने दुख जताते हुए कहा कि हेमंत सोरेन की माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और ईश्वर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि रूपी सोरेन जी के निधन की खबर से वे बेहद दुखी हैं और उनकी संवेदनाएं सोरेन परिवार के साथ हैं।
विधायक कल्पना सोरेन ने भावुक संदेश में कहा कि दिशोम गुरु के बाद मां रूपी सोरेन का जाना एक युग के अंत जैसा है, उनका स्नेह और सरलता हमेशा हमारे साथ जीवित रहेगी। इसके अलावा सीता सोरेन ने भी शोक प्रकट करते हुए मां के जाने को अपूरणीय क्षति बताया।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपाई सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. रूपी सोरेन का स्नेह और उनका व्यक्तित्व हमेशा स्मरणीय रहेगा। राज्य सरकार के मंत्रियों हफीजुल हसन, दीपिका पांडे सिंह, इरफान अंसारी और रवींद्रनाथ महतो सहित कई नेताओं एवं भाजपा व अन्य विपक्षी दलों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों सरयू राय, भानु प्रताप शाही और प्रतुल शाहदेव ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।


