
Bihar Murder Case : बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिटानाबाद दक्षिणी पंचायत में एक सनकी युवक ने एकतरफा प्रेम के जुनून में 8 साल के मासूम की निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान पठान टोला (वार्ड संख्या 7) निवासी मोहम्मद जियाउद्दीन के पुत्र मोहम्मद ओबेश (8 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम ओबेश घर के पास स्थित बगीचे में खेल रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी मोहम्मद शाद हसन (27 वर्ष) ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर वार किए जाने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बच्चे को बचाने के लिए दौड़ी उसकी 12 वर्षीय बहन पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ओबेश को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक मृतक की बड़ी बहन से एकतरफा प्रेम करता था और लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था। परिवार के विरोध के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है। डीएसपी सहरसा मुख्यालय कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

