
Saharsa Crime News : सहरसा में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बैजनाथपुर थाना और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में ₹10,000 के इनामी अंतरजिला अपराधी मो. अनिश उर्फ नन्हे को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कई लूट कांडों में वांछित आरोपी सदर थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक के पास मौजूद है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए आलोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी धबौली वार्ड संख्या-01, थाना पतरघट का निवासी है। उसके खिलाफ सहरसा और मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में लूट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बैजनाथपुर, सदर, बसनही और भरही थाना क्षेत्रों में लंबे समय से वांछित था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर लगाम कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

