

सलमान खान और नयनतारा की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया एक्शन फिल्म ‘SVC 63’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का नाम अब ‘मॉन्स्टर’ रखा गया है. Vamshi Paidipally के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को दिल राजू प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म की कहानी और सलमान का एक्शन अवतार इसे खास बनाने वाला है.





मुंबई शेड्यूल हुआ पूरा
फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल मुंबई में पूरा हो चुका है. अब मेकर्स इसके अगले चरण की तैयारी में जुट गए हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म को ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है. इस प्रोजेक्ट को लेकर सलमान के फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह है.
सलमान खुद करेंगे खतरनाक स्टंट
फिल्मफेयर की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के एक्शन सीक्वेंस में सलमान खान खुद स्टंट करने वाले हैं. बताया जा रहा है कि उनके बॉडी डबल को हार्ट अटैक आने के बाद मेकर्स ने एक्शन शेड्यूल को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने का फैसला किया है. इसके बावजूद सलमान शूटिंग की रफ्तार बनाए रखना चाहते हैं.
फिल्म को लेकर पूरी तरह एक्टिव हैं भाईजान
रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि सलमान इस समय प्रोजेक्ट से पूरी तरह जुड़े हुए हैं और शूटिंग के शेड्यूल में किसी तरह की देरी नहीं चाहते. यही वजह है कि एक्शन सीन्स को सावधानीपूर्वक प्लान किया जा रहा है.
दिल राजू संग पहली बार काम करेंगे सलमान
‘मॉन्स्टर’ सलमान खान और निर्माता दिल राजू की पहली फिल्म होगी. वहीं नयनतारा के साथ उनकी जोड़ी भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगी. फिल्म के टाइटल ‘मॉन्स्टर’ की आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है.
