मुंबई: ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाने वाले फिल्मकार संजय गुप्ता का निधन हो गया। संजय गुप्ता के दोस्त और निर्देशक मिलाप जावेरी ने शनिवार को यह जानकारी दी। जावेरी ने बताया कि संजय घर पर फिसलकर गिर गए थे और उनके सिर में चोट लग गई थी। संजय 59 वर्ष के थे।

संजय के करीबी दोस्तों में शामिल जावेरी ने कहा, ‘‘यह सच है कि उनका निधन हो गया है। वह गिर गए थे और उनके सिर में चोट लग गई थी।’’ फिल्मकार अशोक पंडित ने संजय गुप्ता के निधन पर शोक जताते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘यह बेहद चौंकाने वाला और दुखद समाचार है। अभी खबर मिली कि हमारे प्रिय मित्र और बेहतरीन निर्देशक संजय गुप्ता अब हमारे बीच नहीं रहे। घर पर सिर में चोट लगने के कारण उनका निधन हो गया। एक और प्रतिभा असमय चली गई।’’

पंडित ने लिखा, ‘‘उनमें कहानी कहने की अद्भुत क्षमता थी, वह जिंदादिल व्यक्तित्व के धनी और फिल्म निर्माण के प्रति जुनूनी थे। हमारे फिल्म उद्योग के लिए यह बड़ी क्षति है। मेरे दोस्त, तुम्हारी कमी खलेगी। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’’ संजय गुप्ता मुख्य रूप से ‘आतिश’, ‘काबिल’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘जज्बा’, ‘जिंदा’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी एक्शन-थ्रिलर और अपराध आधारित फिल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते थे।


