बड़ी खबर: ओडिशा के कटक में SCB मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत

कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में तड़के आग लगने से 10 मरीजों की मौत, कई घायल; मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना की जांच के आदेश दिए।

Vinita Choubey
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

भुवनेश्वर : कटक के एससीबी मेडिकल कालेज एवं हास्पिटल (SCB Medical College and Hospital) में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई। आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में लगी, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज चल रहा था। अधिकारियों के अनुसार आग सोमवार तड़के करीब 2:30 से 3 बजे के बीच लगी। आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

राहत और बचाव अभियान के दौरान अस्पताल के करीब 11 कर्मचारी झुलस गए। दमकलकर्मियों, पुलिस और अस्पताल स्टाफ ने मरीजों के परिजनों की मदद से आईसीयू में भर्ती मरीजों को बाहर निकालकर अस्पताल के अन्य वार्डों में शिफ्ट किया।इस घटना में कुल 23 मरीजों को अन्य विभागों में स्थानांतरित किया गया। अधिकारियों के मुताबिक सात गंभीर मरीजों की दूसरे आईसीयू और वार्ड में शिफ्ट करते समय मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों ने बाद में दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी (Mohan Charan Majhi) अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके इलाज की व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से ट्रॉमा केयर आईसीयू के साथ-साथ आसपास के वार्ड भी प्रभावित हुए हैं। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article