गढ़वा में महिला की बलि मामले में बहन-बहनोई, पति सहित सात लोग गिरफ्तार

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा: श्री बंशीधर नगर (नगर उंटारी) थाना क्षेत्र में जादू टोना में महिला की बलि देने के मामले में पुलिस ने सोमवार को बताया कि महिला की हत्या (MURDER) घर बनाने में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए की गई थी।

पुलिस ने इस मामले में दो महिला समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (judicial custody) में गढ़वा भेज दिया है।

SDPO प्रमोद कुमार केसरी ने बताया कि नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव में गत 21 जून को झाड़ फूंक के क्रम में मुन्ना उरांव की पत्नी गुड़िया देवी की हत्या कर दिये जाने की गुप्त सूचना मिली थी।

साथ ही साक्ष्य मिटाने को लेकर शव को रंका थाना क्षेत्र के खुरा गांव में स्थित श्मशान घाट पर ले जाकर जला दिया गया था।

थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार (Yogendra Kumar) के द्वारा मामले की जांच की गई तथा उनके स्व लिखित बयान पर महिला के पति मुन्ना उरांव, बहन ललिता देवी, बहनोई दिनेश उरांव समेत एक दर्जन के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।

आरोपितों को न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया गया

SDPO ने बताया कि एसपी के निर्देश पर हत्या मामले की जांच एवं हत्या में शामिल अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिये उनके नेतृत्व में टीम गठित की गई।

जांच के क्रम में सात लोगों को नगर ऊंटारी, मेराल एवं रंका थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गय। साथ ही मृतका के जले हुए अवशेष भाग को जब्त किया गया।

गिरफ्तार अपराधियों में मृत गुड़िया देवी की बहन ललिता देवी, दिनेश उरांव, सुरजी कुंवर, कुंदन उरांव, सूरज उरांव, पति मुन्ना उरांव एवं रामशरण उरांव शामिल हैं, जबकि शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी (Raid) की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया गया है।

Share This Article