चुनाव के बाद तेल कीमतों में बढ़ोतरी पर शिवसेना ने केंद्र पर साधा निशाना

News Desk
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र पर हमला बोलते हुए शिवसेना ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने इस महीने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी करना शुरू कर दिया है, जिससे आम आदमी की जेब पर असर पड़ रहा है।
शिवसेना का कहना है कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब के चुनावों से पहले, केंद्र ने ईंधन या खाना पकाने के काम आने वाले ईंधन की कीमतों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी को टालने का फैसला किया था, लेकिन चुनावों के बाद, भाजपा ने अपने असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है।

शिवसेना ने कहा, विपक्षी दलों ने तो पहले ही चेतावनी दी थी कि चुनाव के बाद स्थिति बदल जाएगी.. लेकिन सरकार ने हिजाब, पाकिस्तान, हिंदू-मुसलमान आदि जैसे मुद्दों को उठाया और उन लोगों के दिमाग को अवरुद्ध कर दिया, जिन्होंने भाजपा के लिए भारी मतदान किया।

पार्टी के मुखपत्र सामना और दोपहर का सामना में लिखे गए तीखे संपादकीय में, शिवसेना ने कहा कि चुनावों के बाद, सरकार ने पुरानी कहावत का सहारा लिया है, एक बार हमारा काम हो गया, तो जरूरत खत्म हो गई।

इसमें कहा गया है, अब लोग जाग भी गए तो क्या फायदा.. एक बार उनका वोट हो गया तो उनकी उपयोगिता भी खत्म हो गई, कम से कम फिलहाल के लिए तो हो ही गई.. इस मामले में विपक्ष की आशंका सच साबित हुई।

शिवसेना ने पेट्रोल-डीजल और घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (14 किलो) की कीमतों में बढ़ोतरी की नवीनतम श्रृंखला की ओर इशारा किया, जो लगभग 1,000 रुपये और वाणिज्यिक गैस सिलेंडर (19 किलोग्राम) लगभग 2,000 रुपये तक पहुंच गया है।

शिवसेना ने कहा कि चारों राज्यों के मतदाताओं ने भाजपा को सत्ता दान तो दे दी, मगर जनता की जेब में जो पैसा बचा था, उसे भाजपा सरकार ने छीनकर उन्हें महंगाई का उपहार दिया है।

शिवसेना ने कहा, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की नीति रही है। जब चुनाव होने वाले होते हैं, तो ईंधन की कीमतों को रोक दिया जाता है, मतदान समाप्त होने के बाद, वे जनता पर अमानवीय तरीके से दरों में वृद्धि थोप देते हैं।

इसके साथ ही वह नागरिकों पर यह दावा करते हुए एक क्रूर मजाक करते हैं कि वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में 137 दिनों की बढ़ोतरी के बावजूद, उन्होंने ईंधन की कीमतों में वृद्धि न करके एक एहसान किया है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यहां तक कहा कि उनकी सरकार पिछली यूपीए सरकार की तुलना में मुद्रास्फीति (महंगाई) से निपटने में अधिक सफल रही, लेकिन उन्होंने साथ ही रूस-यूक्रेन युद्ध को नवीनतम बढ़ोतरी को लेकर दोषी ठहराया।

शिवसेना ने कहा कि सरकार ने यह भी घोषणा की है कि वह रूस से सस्ता ईंधन खरीदने में कामयाब रही, हालांकि वैश्विक कीमतें आसमान छू रही थीं, फिर भी उसने चुनावी मौसम खत्म होने के बाद से ईंधन की कीमतों में वृद्धि के साथ लोगों पर भारी दबाव डाल दिया है।

Share This Article