
लोहरदगा : जिले की बेटी और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर शिवांजलि मिश्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का गौरव बढ़ाया है। झारखंड सरकार के विजन 2050 के तहत नई दिल्ली के होटल ताज पैलेस में आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन में उन्होंने झारखंड के पर्यटन विभाग का प्रतिनिधित्व किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की उपस्थिति में आयोजित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में देश-विदेश के उद्योग जगत, नीति-निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया। ऐसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच पर लोहरदगा की शिवांजलि मिश्रा की सहभागिता जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय बनी।
शिवांजलि मिश्रा लंबे समय से डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से झारखंड की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन स्थलों और स्थानीय विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल लोहरदगा बल्कि पूरे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। उनके इस प्रतिनिधित्व से यह संदेश भी गया कि डिजिटल माध्यमों के जरिए राज्य की सकारात्मक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है।

