
चंडीगढ़ : भारतीय मूल की 17 वर्षीय छात्रा ऋद्धि चौहान ने अमेरिका में अपनी नेतृत्व क्षमता से नई पहचान बनाई है। न्यूयॉर्क के क्वींस स्थित बेंजामिन एन. कार्डोजो हाई स्कूल की छात्रा ऋद्धि को स्कूल के नेवी जूनियर रिजर्व ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉर्प्स (NJROTC) का बैटालियन कमांडिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इस पद पर वह करीब 300 कैडेट्स का नेतृत्व कर रही हैं और जल्द ही नेवल अकादमी प्रिपरेटरी स्कूल में प्रशिक्षण के लिए प्रवेश लेंगी, जो आगे चलकर अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनाइटेड स्टेट्स नेवल अकादमी तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग माना जाता है।
बटालियन कमांडिंग ऑफिसर के रूप में ऋद्धि चौहान स्कूल की बटालियन के संचालन, प्रशिक्षण और कैडेट्स के कल्याण की जिम्मेदारी संभालती हैं। वह सप्ताह में चार दिन सुबह सात बजे से पहले स्कूल पहुंचकर ड्रिल अभ्यास कराती हैं और उसके बाद अपनी नियमित पढ़ाई भी जारी रखती हैं। ऋद्धि का कहना है कि यह जिम्मेदारी चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन उनके जीवन का सबसे संतोषजनक अनुभव भी रही है। नेवी जूनियर रिजर्व ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉर्प्स (NJROTC) अमेरिकी नौसेना द्वारा समर्थित एक नेतृत्व विकास कार्यक्रम है, जिसे अमेरिका के हाई स्कूलों में संचालित किया जाता है। इसका उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, चरित्र निर्माण और टीमवर्क की भावना विकसित करना है। ऋद्धि ने अपनी नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने और स्कूल समुदाय की सेवा करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम में प्रवेश लिया था। इसी अनुभव ने उन्हें भविष्य में नौसेना अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया।

