
रांची: अगर आप शनिवार (11 जुलाई) को ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें। रांची रेल मंडल के किता–सिल्ली रेलखंड पर चल रहे विकास कार्य के कारण कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे द्वारा लिए गए तकनीकी ब्लॉक की वजह से कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाया जाएगा, जबकि कुछ पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह रद्द रहेगा।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, बर्द्धमान–हटिया–बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस (13503/13504) शनिवार को केवल गोमो तक ही चलेगी। यह ट्रेन गोमो–हटिया रेलखंड के बीच संचालित नहीं होगी। वहीं खड़गपुर–हटिया–खड़गपुर एक्सप्रेस (18035/18036) का परिचालन आद्रा तक ही सीमित रहेगा। इसी तरह आसनसोल–रांची मेमू पैसेंजर (63598/63597) सिर्फ मूरी तक चलेगी। मूरी–रांची रेलखंड के बीच इस ट्रेन की सेवा शनिवार को रद्द रहेगी। इसके अलावा हटिया–सांकी–हटिया पैसेंजर (58663/58664) और हटिया–सांकी–हटिया पैसेंजर (58665/58666) का परिचालन भी शनिवार को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की मौजूदा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इससे यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा।

