बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ईथा’ (Eetha) को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म के प्रमोशन के दौरान उनका पारंपरिक और रॉयल अंदाज भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. 24 नवंबर को मुंबई में फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचीं श्रद्धा कपूर ने सनसेट ऑरेंज रंग की खूबसूरत साड़ी पहनी थी. यह साड़ी मशहूर फैशन ब्रांड रॉ मैंगो (Raw Mango) की है, जिसकी वेबसाइट पर कीमत 1,94,800 रुपये बताई गई है. अभिनेत्री का यह लुक सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

साड़ी पर अशरफी मोटिफ और जरदोजी का काम
श्रद्धा की इस साड़ी की खासियत इसकी पारंपरिक कारीगरी है. साड़ी पर अशरफी मोटिफ बनाए गए हैं, जबकि कोनों पर कुनिया फ्लोरल डिजाइन दिखाई देते हैं. इसके साथ जरदोजी मेटल वर्क इसे शाही लुक देता है. साड़ी के गोल्डन किरण फ्रिंज बॉर्डर ने इसके पारंपरिक अंदाज को और खूबसूरत बनाया. अभिनेत्री ने इसके साथ मैचिंग फुल स्लीव ब्लाउज पहना था. ब्लाउज के कफ और बाजुओं पर भी जरदोजी की कढ़ाई की गई है. यह ब्लाउज अलग से उपलब्ध है.

महाराष्ट्रीयन ज्वेलरी ने पूरा किया लुक
अपने किरदार और फिल्म की थीम को ध्यान में रखते हुए श्रद्धा ने ज्वेलरी का चुनाव भी खास अंदाज में किया. उन्होंने गोल्ड चोकर, ड्रॉप ईयररिंग्स, स्टेटमेंट रिंग्स, पारंपरिक नथ और बाजूबंद पहना था. मेकअप की बात करें तो उन्होंने सॉफ्ट आई मेकअप, हल्का ब्लश और म्यूटेड रोज लिप्स चुने. उनके बालों में रेट्रो स्टाइल के वॉल्यूमिनस वेव्स नजर आए. उनका पूरा लुक मराठी संस्कृति और लावणी की दुनिया से जुड़ा हुआ दिखाई दिया.
विठाबाई भाऊ के किरदार में नजर आएंगी श्रद्धा
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बन रही ‘ईथा’ महान तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की बायोपिक है. फिल्म में श्रद्धा कपूर विठाबाई की भूमिका निभा रही हैं. इसमें रणदीप हुड्डा, नाना पाटेकर, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव और उल्का गुप्ता भी नजर आएंगे. मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसका म्यूजिकल ट्रेलर भी जारी हो चुका है.


