निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्साह बढ़ रहा है. फिल्म में भगवान राम की भूमिका रणबीर कपूर निभा रहे हैं, जबकि रावण के किरदार में यश नजर आएंगे. वहीं, सनी देओल को भगवान हनुमान के रूप में चुना गया है. अब फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताया है कि आखिर इस महत्वपूर्ण किरदार के लिए सनी देओल को ही क्यों चुना गया.

भारत के आयरन मैन हैं सनी
नमित मल्होत्रा के मुताबिक, भगवान हनुमान रामायण के सबसे लोकप्रिय और शक्तिशाली पात्रों में से एक हैं. उनके व्यक्तित्व में मासूमियत, अपनापन, अपार शक्ति और जरूरत पड़ने पर शत्रुओं के सामने भय पैदा करने वाला प्रभाव दिखाई देता है. इस किरदार को निभाने के लिए ऐसे अभिनेता की जरूरत थी, जो इन सभी भावनाओं को पर्दे पर उतार सके. निर्माता का मानना है कि सनी देओल में ये खूबियां स्वाभाविक रूप से मौजूद हैं. उनकी दमदार आवाज, भावुक अभिनय और एक्शन करने की क्षमता उन्हें इस भूमिका के लिए खास बनाती है.

मार्वल के आयरन मैन से तुलना
नमित मल्होत्रा ने हनुमान के व्यक्तित्व को समझाते हुए उनकी तुलना मार्वल के लोकप्रिय सुपरहीरो आयरन मैन से भी की. उनका कहना है कि हनुमान केवल ताकत का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि उनके व्यक्तित्व में बुद्धिमत्ता, संवेदनशीलता और समर्पण भी है. सनी देओल भारतीय सिनेमा के ऐसे अभिनेता हैं, जिन्होंने बिना किसी पारंपरिक सुपरहीरो की पोशाक के भी अपनी अलग पहचान बनाई है.
दूसरे भाग में दिखेगा बड़ा किरदार
फिल्म के पहले भाग के पोस्ट क्रेडिट दृश्य में हनुमान की झलक दिखाई गई है. हालांकि, उनका चेहरा पूरी तरह सामने नहीं आया. फिल्म में साई पल्लवी सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं. अब दर्शकों को दूसरे भाग में सनी देओल के हनुमान अवतार का इंतजार है.


