सीकर: राजस्थान के सीकर जिले में मेडिकल स्टोर पर काम करने वाला युवक उस समय हैरान रह गया जब उसे बैंक से मैसेज आया कि उसके खाते में एक लाख करोड़ रुपये ‘ब्लॉक’ कर दिए गए हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बाद में पता चला कि यह मैसेज किसी ‘तकनीकी गड़बड़ी’ के कारण आया था और असल में उसके खाते में इतनी बड़ी रकम नहीं आई। सीकर साइबर थाने के सहायक उपनिरीक्षक दीनदयाल ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के समीर खान बस अड्डे के पास मेडिकल स्टोर पर काम करते हैं।

उन्होंने बताया कि बुधवार को समीर को एक मैसेज आया जिसमें कहा गया था कि उनके बैंक खाते में एक लाख करोड़ रुपये ‘ब्लॉक’ कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि समीर के खाते में पहले से जमा 55,000 रुपये भी होल्ड (रोक) पर डाल दिए गए थे। पुलिस ने बताया कि समीर खान ने घबराकर खाताधारक ने इस बारे में मेडिकल स्टोर के मालिक धीरज मटोलिया को बताया और फिर दोनों साइबर थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि यह मैसेज किसी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से आया था। इसके बाद खान ने अपने बैंक से संपर्क किया जहां उन्होंने भी इस गलती की पुष्टि की। पुलिस उपनिरीक्षक ने बताया कि बाद में परिवादी के 55,000 रुपये पर लगी रोक भी हटा दी गई।



