जमशेदपुर में स्मार्टी नाइटराइडर बाइकर्स गैंग का भंडाफोड़, 10 अपराधी गिरफ्तार

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur News: जमशेदपुर के सिदगोड़ा और आसपास के इलाकों में लंबे समय से उत्पात मचाने वाले ‘स्मार्टी नाइटराइडर’ बाइकर्स गैंग का पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश किया है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां के नेतृत्व में विशेष रात्रि अभियान के तहत गैंग के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से चार युवकों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

गैंग की गतिविधियां और सोशल मीडिया स्टंट

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों ने ‘स्मार्टी नाइटराइडर’ नाम से एक ग्रुप बनाया था। यह गैंग रात में तेज रफ्तार बाइकों पर सड़कों पर हंगामा मचाता था और सिदगोड़ा, सीतारामडेरा, टेल्को जैसे इलाकों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था।

ये अपराधी अपनी हरकतों, जैसे खतरनाक बाइक स्टंट और लूटपाट, के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर चर्चा में रहते थे। इनकी गतिविधियों से न केवल आम लोगों में दहशत फैलती थी, बल्कि सड़क पर उनकी लापरवाही से जानमाल का खतरा भी बढ़ता था।

गिरफ्तार अपराधियों के नाम

  • राजा सिंह उर्फ मुर्गी जल्लाद (बागुनहातू)
  • साहिल सिंह सरदार उर्फ रैफर
  • पीयूष डे
  • सौरभ कुमार उर्फ लादेन
  • महेश सिंह भूमिज
  • शुभम कालिंदी
  • सागर नाग
  • अतीश कुमार नाग
  • मुकेश गोराई
  • देवा बेहरा

इनमें राजा सिंह के खिलाफ सिदगोड़ा और सीतारामडेरा थाना क्षेत्रों में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि शुभम कालिंदी, सागर नाग और सौरभ कुमार पर एक-एक मामला दर्ज है।

सिदगोड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इन अपराधियों को धर दबोचा। पुलिस अब इनके सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर रही है ताकि गैंग के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा सके। SP (सिटी) कुमार शिवाशिष ने बताया कि इस गैंग का तार अन्य जिलों से भी जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच के लिए धनबाद और अन्य जिला पुलिस के साथ समन्वय किया जा रहा है।

Share This Article