रांची : संत जेवियर्स कॉलेज में शुक्रवार को आईक्यूएसी और ग्रीन कैंपस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में ‘आगामी COP31 का विजन’ विषय पर पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। फा. सी. डी. ब्रावर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण विज्ञान के सहायक प्राध्यापक डॉ. पिपस कुमार ने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों और COP31 की प्राथमिकताओं पर व्याख्यान दिया।

उन्होंने ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने, गंगोत्री ग्लेशियर के पीछे खिसकने तथा 2013 की केदारनाथ आपदा का उदाहरण देते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि औद्योगीकरण के बाद वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर तेजी से बढ़ा है। COP31 का आयोजन 9 से 20 नवंबर 2026 तक तुर्किये के अंताल्या में होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से शोध, मिशन लाइफ और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. फा. रॉबर्ट प्रदीप कुजूर सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। गीत, फ्लैश मॉब और पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



