छात्रा ने स्वर्णरेखा नदी में लगाई छलांग, मछुआरों ने बचाई जान

News Update
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur News: सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मल नगर में गुरुवार सुबह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 13 वर्षीय छात्रा ने डोबो पुल से स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद मछुआरों की त्वरित सूझबूझ और साहस के कारण उसकी जान बच गई।

क्या थी घटना?

जानकारी के मुताबिक, छात्रा छठ पूजा की छुट्टियों के बाद अपनी मां के साथ हॉस्टल लौट रही थी। रास्ते में मां ने किसी काम से थोड़ी देर रुकने को कहा, तभी बच्ची अचानक पुल की ओर बढ़ी और बिना कुछ कहे नदी में कूद गई। इस घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

मछुआरों ने दिखाई बहादुरी

नदी किनारे मौजूद कुछ मछुआरों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर छात्रा को डूबने से बचा लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल सोनारी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। उपचार के बाद उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंप दिया गया।

मानसिक तनाव में थी छात्रा

पुलिस के अनुसार, छात्रा मानसिक रूप से तनावग्रस्त लग रही थी और वह हॉस्टल लौटने को तैयार नहीं थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि आखिर वह हॉस्टल क्यों नहीं जाना चाहती थी और क्या कारण थे कि उसने इतना बड़ा कदम उठाने का फैसला किया। हॉस्टल में उसके साथ क्या हो रहा था, इसकी गहन जांच की जा रही है।

Share This Article