
रांची: बिहार स्टेट मिल्क को-आपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड की इकाई रांची डेयरी ने विभिन्न कच्चे पदार्थों, पैकेजिंग सामग्रियों और परिवहन खर्च में हुई वृद्धि के कारण सुधा दूध के उपभोक्ता मूल्यों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। डेयरी प्रबंधन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नई दरें बुधवार यानी आज से प्रभावी होंगी।
उत्पादन और वितरण लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण यह निर्णय लिया गया। डेयरी प्रबंधन का कहना है कि कच्चे माल, ईंधन और लॉजिस्टिक्स खर्च में इजाफा होने से मूल्य संशोधन आवश्यक हो गया था, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से जारी रखी जा सके।
नई दर सूची के मुताबिक अब सुधा हेल्दी 500 एमएल 28 रुपये, 1000 एमएल 55 रुपये और 6000 एमएल 327 रुपये में मिलेगा। वहीं, सुधा शक्ति 500 एमएल 31 रुपये, 1000 एमएल 61 रुपये तथा 6000 एमएल 363 रुपये निर्धारित किया गया है। सुधा गोल्ड 500 एमएल 34 रुपये और 1000 एमएल 67 रुपये में उपलब्ध होगा। सुधा स्मार्ट 180 एमएल 10 रुपये तथा 500 एमएल 26 रुपये तय किया गया है।
रांची डेयरी के वितरण क्षेत्र में यह मूल्य वृद्धि लागू होगी, जहां सुधा ब्रांड के दूध की आपूर्ति की जाती है। आज से नई दरें प्रभावी कर दी जाएंगी।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उपभोक्ताओं को नई दरों की जानकारी दी गई है और विक्रेताओं को संशोधित मूल्य सूची के अनुसार बिक्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। डेयरी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए भरोसा दिलाया है कि गुणवत्ता और आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
