
नयी दिल्ली: उच्चतम न्यायालय ने दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की मां रानी कपूर और उनकी पत्नी प्रिया कपूर के बीच पारिवारिक ट्रस्ट को लेकर जारी विवाद में पूर्व प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ को बृहस्पतिवार को मध्यस्थ नियुक्त किया।
न्यायालय ने पक्षों से खुले दिमाग से मध्यस्थता की कार्यवाही में भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक रूप से कोई बयान न दें और विवाद के बारे में सोशल मीडिया पर कुछ नहीं कहें। कोर्ट ने कहा, “हम स्पष्ट करते हैं कि यह मध्यस्थता केवल पारिवारिक सदस्यों तक ही सीमित रहेगी। हम सभी पक्षों से अनुरोध करते हैं कि वे सार्वजनिक रूप से कोई बयान न दें और सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे पर चर्चा न करें।” कोर्ट ने आगे कहा कि चूंकि यह एक पारिवारिक विवाद है, इसलिए इसे सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास होना चाहिए। पीठ ने सभी पक्षों से खुले मन से मध्यस्थता में भाग लेने की अपील की।
27 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने रानी कपूर की याचिका पर प्रिया सचदेव कपूर समेत 22 अन्य लोगों को नोटिस जारी किया था। उस समय कोर्ट ने संकेत दिया था कि ऐसे पारिवारिक विवादों में मध्यस्थता बेहतर विकल्प हो सकता है।

